उम्रदराज दूल्हा देख मंडप में भड़क गई दुल्हन, फिर ये हुआ
संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर में एक दूल्हन उम्रदराज दूल्हा देख मंडप से खड़ी हो गई। दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसी बीच घरातियों व बरातियों के बीच तू तकरार की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दूल्हा समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
महुली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर के रहने वाले एक व्यक्ति की पुत्री का विवाह उन्नाव के औराज थाना क्षेत्र के कनवाखेड़ा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ तय हुई थी। विवाह के निर्धारित दिन शनिवार को दूल्हा आधा दर्जन बरातियों के साथ शादी करने पहुंचा। द्वारपूजा के बाद दूल्हे को मंडप में बैठाकर विवाह की रस्म शुरू हुई थी।
इसी दौरान उम्रदराज दूल्हा देख दुल्हन भड़क गई। उसने मंडप से हटते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर बाराती और घरातियों के बीच तीखी नोक-झोंक होने लगी। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
नहीं देखा था दूल्हा
इस मामले में घराती पक्ष का कहना था कि यह शादी उनके दामाद ने तय कराई थी। लेकिन दूल्हे को दिखाया नहीं गया था। दुल्हन की उम्र से दूल्हा बहुत बड़ी उम्र का निकला। इसलिए शादी नहीं होगी। दूल्हे ने बताया कि शादी तय होने से पहले उसकी फोटो दिखाई गई थी। वधू पक्ष की हामी के बाद निर्धारित तिथि पर वह बारात लेकर पहुंचा था।
इंस्पेक्टर महुली प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि लड़की द्वारा शादी से इनकार करने के बाद घराती बराती पक्ष में विवाद के बाद पुलिस पहुंची थी। इस मामले में दूल्हा, उसके भाई तथा दूल्हन पक्ष के एक व्यकित को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।